बीकानेर में महासंघ की संभाग स्तरीय बैठक, संगठन विस्तार व आगामी कार्यक्रमों पर मंथन
बीकानेर में महासंघ की संभाग स्तरीय बैठक, संगठन विस्तार व आगामी कार्यक्रमों पर मंथन
बीकानेर। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ राजस्थान (विद्यालय शिक्षा), बीकानेर संभाग की संभाग स्तरीय बैठक रविवार को मेजर पूर्ण सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय फोर्ट, बीकानेर में प्रदेश उपाध्यक्ष अतर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
बैठक में संभाग पालक एवं प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष संपत सिंह, प्रदेश सचिव रवि आचार्य, चंद्रकला आचार्य एवं पवन जाखड़ के सानिध्य में संगठनात्मक एवं शैक्षिक विषयों के साथ शिक्षक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
महासंघ के प्रदेश सचिव रवि आचार्य ने बताया कि बैठक में संगठन की वार्षिक कार्ययोजना के अनुरूप विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के साथ संगठन के विस्तार पर विचार-विमर्श हुआ।
मुख्य अतिथि संपत सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। शिक्षक हितों के साथ शिक्षा, संस्कार, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को आगे बढ़ाना महासंघ की प्राथमिकता है। उन्होंने संगठन की गतिविधियों को प्रत्येक विद्यालय और प्रत्येक शिक्षक तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक में ‘एक पेड़–एक जिंदगी’ अभियान पर विशेष प्रबोधन करते हुए प्रदेश सचिव पवन जाखड़ ने कहा कि प्रत्येक शिक्षक एवं विद्यार्थी एक पौधे को अपने जीवन से जोड़कर उसके संरक्षण की जिम्मेदारी लें। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रखकर पौधों के पालन-पोषण एवं संरक्षण का संकल्प लिया जाना चाहिए।
प्रदेश सचिव चंद्रकला आचार्य ने ‘मेरा विद्यालय–मेरा तीर्थ’ अभियान के माध्यम से विद्यालयों को ज्ञान, संस्कार, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक चेतना के केंद्र के रूप में विकसित करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों के प्रति शिक्षक, विद्यार्थी एवं समाज में अपनत्व की भावना विकसित करना आवश्यक है।
प्रदेश उपाध्यक्ष अतर सिंह ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए योजनाबद्ध तरीके से प्रत्येक स्तर पर गतिविधियों को गति देना जरूरी है। उन्होंने बैठक में गुरु वंदन कार्यक्रम एवं वृक्षारोपण गतिविधियों की समीक्षा, खंड स्तर पर साधारण सभा आयोजित करने की योजना तथा आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की। साथ ही संगठन के विभिन्न प्रकोष्ठों एवं आयामों को सक्रिय करते हुए अधिकाधिक शिक्षकों को संगठन से जोड़ने पर बल दिया।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ओमप्रकाश विश्नोई ने संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने तथा शिक्षक हितों से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ उठाने की आवश्यकता पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि संगठन की सक्रियता विद्यालय स्तर तक पहुंचे और प्रत्येक शिक्षक संगठन की गतिविधियों से जुड़े, इसके लिए निरंतर संपर्क एवं संवाद आवश्यक है।
बैठक में पदाधिकारियों ने शिक्षकों की तात्कालिक एवं बकाया समस्याओं में तृतीय श्रेणी शिक्षकों, पुस्तकालय अध्यक्ष, प्रयोगशाला सहायक के स्थानांतरण खोलने एवं बकाया पदोन्नति करवाने, पारस्परिक स्थानांतरण खोलने, सामाजिक ज्ञान वाणिज्य सहित विभिन्न विषयो की पदोन्नति हेतु हेड टीचर पद सृजन करने शारीरिक शिक्षक पदोन्नति हेतु प्रत्येक उमावि में द्वितीय श्रेणी एवं नामांकन अनुसार प्रथम श्रेणी पद सृजन कर पदोन्नति राह खोलने, प्रशासनिक अधिकारियों के पदस्थापन प्रक्रिया पर नीतिगत निर्णय कर हल निकालने,शाला दर्पण सर्वर की गति बढ़ाने, डीपीसी से पदोन्नत शिक्षकों के साथ पारस्परिक स्थानांतरण हेतु शिथिलन देने, क्रमोन्नत विद्यालयों में पदों की वित्तीय स्वीकृति जारी करने, स्टाफिंग पैटर्न अनुसार पदों का आवंटन करवाने,वेतन विसंगति दूर करने,गैर शैक्षणिक कार्यों हेतु विभागीय स्तर से शिक्षकों को लगाने की मांग सरकार से की गई।
बैठक में बीकानेर संभाग के बीकानेर जिले से जिलाध्यक्ष दानाराम भादू, जिला मंत्री नरेन्द्र आचार्य,महिला उपाध्यक्ष श्रीमती मीरा वर्मा, कोषाध्यक्ष महेश छीपा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल सोनी सहित विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्ष, जिला मंत्री, कोषाध्यक्ष, महिला मंत्री, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सहित विभिन्न प्रकोष्ठों एवं आयामों के पदाधिकारी तथा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त एवं व्यापक बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया गया।
Khabaron Me Bikaner
धर्म, साहित्य, खेलकूद और संस्कृति
*Khabaron Me Bikaner*
प्रमुख खबर
✒️@Mohan Thanvi


Comments
Post a Comment