धर्म, साहित्य, खेलकूद और संस्कृति *Khabaron Me Bikaner*
*Khabaron Me Bikaner*
26 अक्टूबर 2025 रविवार
Khabaron Me Bikaner
✒️@Mohan Thanvi
ज्ञान पंचमी की पूजा, देव वंदन, क्रिया व ज्ञान वाटिका का विशेष सत्र
ज्ञान पंचमी की पूजा, देव वंदन, क्रिया व ज्ञान वाटिका का विशेष सत्र
ज्ञान की पूजा व देव वंदन से ज्ञानावर्णीय कर्मों का क्षय-गणिवर्य मेहुल प्रभ सागर म.सा.
बीकानेर, 26 नवम्बर। गणिवर्य मेहुल प्रभ सागर, मुनि मंथन प्रभ सागर, बाल मुनि मीत प्रभ सागर, बीकानेर की साध्वी दीपमाला श्रीजी व शंखनिधि म.सा. के सान्निध्य में रविवार को रांगड़ी के चौक के सुगनजी महाराज के उपासरे में सुबह नौ बजे से ज्ञान पंचमी की पूजा, देव वंदन व आराधना की गई। आराधना के बाद ज्ञान वाटिका का विशेष सत्र हुआ। रविवारीय ज्ञान शाला में हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं में अव्वल बच्चों को पुरस्कृत किया गया।
गणिवर्य मेहुल प्रभ सागर म.सा. ने रविवार को प्रवचन में कहा कि ज्ञान पंचमी की ज्ञान की पूजा, आराधना, उपवास, देव वंदन करने से ज्ञानावर्णीय कर्म क्षय होता है। मन, बुद्धि निर्मल होती है तथा धर्म-आध्यात्म के माध्यम से मोक्ष का मार्ग मिलता है। पांच प्रकार के ज्ञान मतिज्ञान, श्रुत ज्ञान, अवधि ज्ञान, मनः पर्याय ज्ञान व केवल ज्ञान। सभी ज्ञान आत्मा के स्वभाव है, जो कर्मों से ढके होने के कारण पूर्ण रूप् से प्रकट नहीं हो पाते। इंद्रियों और मन के माध्यम से प्राप्त मति ज्ञान, शास्त्रों या गुरुओं से प्राप्त श्रुत ज्ञान, दूर की चीजों को जानने की क्षमता दूरदर्शिता या अवधि ज्ञान कहते है। दूसरे के मन के विचारों को प्रत्यक्ष रूप से जानने की क्षमता को मनः पर्याय ज्ञान, तथा सभी प्रकार के कर्मों के क्षय होने से प्राप्त होने वाला पूर्ण या सर्वज्ञ ज्ञान को केवल ज्ञान कहते है।
ज्ञान पंचमी पर गणिवर्य, मुनि व साध्वीवृंद के नेतृत्व में शुभता, सौभाग्य,ज्ञान और आराधना की पवित्र, पूजनीय व प्रेरणादायक और ज्ञानवर्द्धक शास्त्रों, ग्रथों व पुस्तकों का पूजन तथा ज्ञान की आराधना की। अनेक श्रावक-श्राविकाओं ने आत्म निरीक्षण करते हुए उपवास रखे तथा ज्ञान, सुख और सर्वज्ञता की प्राप्ति के लिए देव वंदन किया। मुनि मंथन प्रभ सागर ने शांत क्रांत संघ के नवकार भवन में ज्ञान पंचमी पर सूत्रों का वांचन किया।
ज्ञान वाटिका का विशेष सत्र
गणिवर्य मेहुल प्रभ सागर, मुनि मंथन प्रभ सागर, बाल मुनि मीत प्रभ सागर, बीकानेर की साध्वी दीपमाला श्रीजी व शंखनिधि म.सा. के सान्निध्य में रविवार को रांगड़ी चौक के सुगनजी महाराज के उपासरे में ज्ञान वाटिका का विशेष रविवारीय सत्र हुआ। साध्वी शंख निधि श्रीजी म.जा, अखिल भारतीय खरतरगच्छ महिला परिषद की बीकानेर इकाई अध्यक्ष मीनाक्षी खजांची, उपाध्यक्ष सुशीला धारीवाल व सचिव लीला बेगानी तथा श्वेता कोठारी तथा ज्ञान वाटिका की प्रभारी सुनीता नाहटा ने बालक-बालिकाओं को रचनात्मक, सृजनात्मक तथा धार्मिक सहित सर्वांगीण विकास एवं संस्कार निर्माण के लिए विशेष सत्र में विभिन्न गतिविधियां करवाई। ज्ञान वाटिका के बच्चों का वार्षिकोत्सव 2 नवम्बर को होगा। रविवारीय ज्ञान वाटिका में हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं में अव्वल रहे बालक-बालिकाओं को पुरस्कृत किया गया।
रामपुरिया उपाश्रय में ज्ञान पूजा
जैन श्वेताम्बर पार्श्वचन्द्रगच्छ की वयोवृद्ध साध्वी पद्म प्रभा व सुव्रताश्रीजी के सान्निध्य में ज्ञान पंचमी पर रविवार को आसानियों के चौक के रामपुरिया उपासरे में ज्ञान पंचमी पर पूजा सहित विभिन्न क्रियाएं की गई। श्री जैन श्वेताम्बर पार्श्वचन्द्र गच्छ के मंत्री प्रताप रामपुरिया ने बताया कि शास्त्र, कलम, अभ्यास पुस्तिका का पूजन किया गया। उपाश्रय में ज्ञान पंचमी पर विशेष मंडप सजाया गया।




0 Comments