सितार और सरोद की जुगलबंदी ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया
Khabaron Me Bikaner
धर्म, साहित्य, खेलकूद और संस्कृति
*Khabaron Me Bikaner*
प्रमुख खबर
✒️@Mohan Thanvi
सितार और सरोद की जुगलबंदी ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया
आकाशवाणी बीकानेर द्वारा शास्त्रीय संगीत संध्या का भव्य आयोजन
बीकानेर। "आकाशवाणी के 90 गौरवशाली वर्ष” पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार 4 मई को वेटरनरी ऑडिटोरियम में शास्त्रीय संगीत संध्या का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में सितार और सरोद की जुगलबंदी ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में असित गोस्वामी (सितार) और अमित गोस्वामी (सरोद) ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं का मन मोह लिया। दोनों कलाकारों की जुगलबंदी में रागों की सुंदर अभिव्यक्ति देखने को मिली। तबले पर श्री शब्बीर हुसैन ने अपनी उत्कृष्ट संगत प्रदान की, जिससे पूरे कार्यक्रम में लय और ताल का सुंदर सामंजस्य बना रहा।सितार व सरोद की जुगलबंदी, राग थी हेमंत में आलाप जोड़ झाला। कार्यक्रम का समापन राग पहाड़ी में धुन से हुआ।
मुख्य अतिथि डॉ. सुमंत व्यास, कुलगुरु, राजस्थान पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि समय की उठापटक और बहुत से परिवर्तनों के बावजूद आकाशवाणी ने अपना वजूद नहीं खोया। उन्होंने कहा कि आकाशवाणी भारतीय संस्कृति और शास्त्रीय संगीत की संवाहक रही है तथा ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को हमारी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में रामजी लाल असवाल, उप महानिदेशक (अभियांत्रिकी) कलस्टर प्रमुख ने कहा कि आकाशवाणी अभी भी अपनी परम्परा और संस्कृति को संजोये हुआ है।
सहायक निदेशक (कार्यक्रम) अमित सिंह ने आगन्तुकों का स्वागत करते हुए आकाशवाणी की 90 वर्षों की यात्रा को जन-भागीदारी बढ़ाने की पहल बताया और इसे प्राथमिकता देते हुए कहा कि इसी क्रम में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। सहायक निदेशक मीनाक्षी मालिक ने कार्यक्रम की समाप्ति पर सभी कलाकारों, अतिथियों और श्रोताओं का आभार व्यक्त किया।
ऑडिटोरियम खचाखच भरा हुआ था। श्रोताओं द्वारा कलाकारों की प्रस्तुति का भरपूर आनंद लिया गया और तन्मयता के साथ कार्यक्रम को अंत तक सुना गया । इस शास्त्रीय संगीत संध्या ने बीकानेर के संगीत प्रेमियों को शास्त्रीय संगीत का दुर्लभ अनुभव कराया।
आकाशवाणी बीकानेर के इस प्रयास की शहरवासियों ने सराहना की




